बरेली। रामपुर गार्डन समेत कई इलाकों में सड़कें बनने के बाद अब नालियों का जाल भी बिछाया जाएगा। ऐसा इसलिए ताकि ये सड़कें बारिश का पानी ठहरने से बर्बाद न हो जाएं। हालांकि इस काम से रामपुर गार्डन के तमाम लोगों को दिक्कत भी आएगी, क्योंकि उनके घरों के आगे बने रैंप को तोड़ा जाएगा।
अकेले रामपुर गार्डन में ही आवास एवं विकास परिषद ने हाल ही में अवस्थापना निधि के करीब तीन करोड़ की लागत से सड़कें बनाई हैं। इसी निधि से राजेेंद्रनगर में भी कई सड़कें पिछले साल बनाई गई थीं। अब पुराने शहर में भी नगर निगम कई सड़कें हॉटमिक्स सिस्टम से बनाने वाला वाला है। तकरीबन इन सभी सड़कों के किनारे नालियां नहीं हैं। आवास एवं विकास परिषद ने अपनी बनाई सड़कों के किनारे तो टाइल्स पटरी बनाई है, मगर वे सिर्फ दिखाने भर की हैं। अब नालियां बनाने का काम नगर निगम करेगा। रामपुर गार्डन में नालियां बनाने को घरों के आगे बने रैंप भी तोड़े जाएंगे। पिछले दिनों परिषद ने रामपुर गार्डन चौराहे से एलआईसी दफ्तर तक सड़क बनाते समय कुछ रैंप तोड़े भी हैं। मेयर ने इसके लिए करीब दो करोड़ रुपये तेरहवें वित्त आयोग से सुरक्षित कराए हैं। इनमें से कुछ के टेंडर भी हो चुके हैं।