बरेली। वैन में सवार बदमाशों ने एक युवक को बेहोश करने के बाद 1.35 लाख रुपये लूट लिए। उसका मोबाइल फोन और घड़ी भी ले गए। रकम लूटने के बाद शुक्रवार दोपहर उन्होंने युवक को बेहोशी की हालत में चौपुला चौराहे के पास रास्ते में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने वाले दो युवकों के साथ एक युवती भी थी।
अलापुर (बदायूं) में रहने वाले मोहम्मद मियां के बेटे उमर दिल्ली में प्लाईवुड का धंधा करते हैं। गुरुवार को वह दिल्ली से घर आए थे। शुक्रवार को उन्हें बरेली आकर बाकरगंज में अपना चाचा अख्तर को सवा लाख रुपये देने थे, लिहाजा बैग में रकम लेकर सुबह घर से निकले। बदायूं में बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े उमर से एक वैन में आए दो युवकों ने बरेली चलने के लिए पूछा तो जल्दी के चक्कर में वह बस को छोड़कर वैन में बैठ गए। वैन में एक युवती भी थी।
रास्ते में युवकों ने उमर को प्रसाद बताते हुए बूंदी खाने को दी। उमर ने मना किया, लेकिन युवती ने आग्रह करके उन्हें बूंदी खिला दी। बूंदी खाने के कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाशों ने सवा लाख रुपये से भरा उनका बैग और जेब में मौजूद दस हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल फोन और घड़ी भी ले ली। इसके बाद बेहोशी की हालत में उन्हें चौपुला पुल के पास डालकर भाग गए।
कुछ देर बाद बेहोश पड़े उमर पर पुलिस वालों की नजर पड़ी तो उन्हें उठाकर पूछताछ करने की कोशिश की। कुछ होश में आने पर उमर ने अपने चाचा अख्तर का फोन नंबर बताया तो पुलिस ने उन्हें बुला लिया। अख्तर उन्हें जिला अस्पताल ले गए और इलाज कराने के बाद घर ले आए। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।