बरेली। एटीएम कार्ड के भरोसे घर से त्योहार की खरीददारी निकले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। जरूरत के वक्त ज्यादातर एटीएम जवाब दे गए। शहर में सोमवार को ज्यादातर एटीएम बंद रहे।
बीआई बाजार में एसबीआई का एटीएम बंद रहा। यहां लोग सुबह से ही कैश निकालने आ रहे थे, लेकिन एटीएम बंद होने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। कई लोगों ने बैंक में इस संबंध में बात भी की, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। प्रभा टॉकीज के सामने एसबीआई का एटीएम भी बंद था। हालांकि बाद में वहां कैश लोड कर दिया गया लेकिन शाम तक कैश खत्म हो गया। सर्किट हाउस चौराहे के पास आईडीबीआई का एटीएम भी बंद रहा। बड़ा डाकखाना के पास पीएनबी का एटीएम काम नहीं कर रहा था। अयूब खां चौराहे के पास यूनियन बैंक का एटीएम खराब था। शहर में यूनियन बैंक के अन्य एटीएम भी खराब रहे। कनेक्टिविटी न होने से भी दिक्कत रही।
बीआई बाजार में खरीददारी करने निकले रोहित को एटीएम से कैश निकालने के लिए काफी देर भटकना पड़ा। यही हाल सिविल लाइंस की रमा का रहा। वह भी खरीददारी करने निकली थीं, लेकिन उन्हें कई एटीएम घूमने के बाद कैश मिल सका। चमन खान को मुरादाबाद जाना था, लेकिन स्टेशन के पास एटीएम खराब होने से कैश नहीं मिला। इससे वह टिकट नहीं ले सके। शहर में कुल 90 एटीएम हैं। इनमें करीब 35 एटीएम एसबीआई, 23 बैंक ऑफ बड़ौदा और सात यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के हैं।
एसबीआई के जीएम (प्रशासन) अचलराम पांडेय ने बताया कि एटीएम में खराबी लोकल फाल्ट की वजह से हो सकती है। हमें किसी शाखा से एटीएम खराब होने या बंद होने की शिकायत नहीं मिली। जहां तक एटीएम में कैश लोड करने का सवाल है तो हर शाखा को 22 से 25 लाख रुपये दिए गए हैं। ताकि दिवाली पर लोगों को कैश की दिक्कत न हो।
स्टेशन रोड के एटीएम भी बंद रहे
एक्सिस बैंक के स्टेशन रोड पर दो एटीएम हैं। एक का शटर बंद था, जबकि एसबीआई कॉलोनी के बाहर वाले एक्सिस बैंक का दूसरा एटीएम खराब था। केनरा बैंक का एटीएम भी खराब था।