बरेली। जमात रजा-ए-मुस्तफा के महासचिव मौलाना शहाबुद्दीन का वोट कोई और डाल गया। जब वह मतदान के लिए बूथ पर पहुंचे तो पता चला कि उनका वोट पड़ चुका है। उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों और चुनाव आयोग से की।
दोपहर करीब 12.15 बजे वार्ड नंबर 66 में रहने वाले मौलाना शहाबुद्दीन वोट डालने को प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुर खत्रियान मतदान केंद्र गए। उनके पास मतदाता फोटो पहचान पत्र भी था। पोलिंग बूथ पर मतदाता पहचान पत्र व पर्ची दिखाने पर पता चला कि उनका वोट पड़ चुका है। उन्होंने इसकी शिकायत पीठासीन अधिकारी से की। मगर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। फोन पर एडीएम सिटी से शिकायत की, लेकिन उनके घंटे भर इंतजार करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। आखिर में मौलाना शहाबुद्दीन ने चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक से शिकायत की। इसके बाद एसडीएम सदर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, कोतवाल राजा सिंह मौके पर गए। तकरीबन ढाई घंटे बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कराने के बाद मौलाना शहाबुद्दीन का वोट डलवाया गया।