बरेली। नगरीय निकाय चुनावों में धनबल के प्रदर्शन पर रोक को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम मनीष चौहान ने छह फ्लाइंग स्क्वॉयड का गठन किया है। सदर समेत छह तहसीलदारों के साथ एक-एक दरोगा और दो सिपाही भी लगाए गए हैं। निकाय चुनावों में ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए कड़ी नजर रखने के साथ ही विडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसकी सीडी तैयार कर सूचना जिला स्तरीय कमेटी को दी जाएगी।
उड़नदस्ते 12 जून को सिंबल के आवंटन के साथ ही वाहनों और व्यक्तियों की जांच पड़ताल शुरू कर देंगे। स्क्वॉयड मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जा रहे नकदी धन को जब्त करेगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। इसके बाद प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई का विवरण जिला स्तरीय कमेटी के सदस्य एडीएम ई को उपलब्ध करानी होगी। घटना की जांच करने के बाद कमेटी संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई करेगी। छह टीमों में सदर से तहसीलदार एके उपाध्याय, फरीदपुर में विजय कुमार छत्रपति, मीरंगज से हरिओम, बहेड़ी से हरिशंकर लाल, नवाबगंज से विजय शर्मा और आंवला के तहसीलदार उद्भव त्रिपाठी के नेतृत्व में स्क्वायड का गठन किया गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अजय शुक्ला ने बताया कि 2.5 लाख से ज्यादा की नकदी ले जाने वाले को उसके लाने का स्रोत और ले जाने की वजह बतानी होगी। इसके बाद ही उसे छोड़ा जाएगा।