बरेली। नगर निकाय चुनाव में टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने में नहीं आ रहा है। इसे लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफा देने का सिलसिला जारी है। महानगर उपाध्यक्ष के इस्तीफा देने के बाद अब महानगर मीडिया प्रभारी सुरेश राठौर ने भी पद और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
मीडिया प्रभारी सुरेेश राठौर ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई को भेजे गए इस्तीफे में कहा है कि स्थानीय निकाय चुनाव में बरेली महानगर के कई वार्डो में ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है जो विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी कार्यो में लिप्त थे। ऐसे प्रत्याशियों ने ही विधानसभा के प्रत्याशियों को हराने में कोई कोर कसर नहंी छोड़ी थी। पूर्व मीडिया प्रभारी हरिओम राठौर के भाई प्र्रेमशंकर राठौर को नवादा जोगियान वार्ड का टिकट देने से नाराज सुरेश राठौर का कहना है कि निवर्तमान जिला अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने हरिओम राठौर को पार्टी से निष्काषित कर दिया था। लेकिन इन्हीं हरिओम राठौर के भाई को कुछ पार्टी पदाधिकारियों ने साठगांठ करके योजनाबद्घ तरीके से प्रेम शंकर राठौर को नवाजा जोगियान का टिकट दिला दिया। इस्तीफे की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल और राष्ट्रीय सचिव संतोष गंगवार को भी भेजी है।