निगम आयुक्त रहे अहमद की कार्यशैली से क्षुब्ध लोगों का प्रदर्शन
सिटी रिपोर्टर
बरेली। नगर निगम से लखनऊ स्थानांतरित किए गए नगर आयुक्त के सम्मान में आयोजित बिदायी समारोह को लेकर बुधवार को बवाल खड़ा हो गया। नगर निगम कर्मचारियाें ने विदाई समारोह के आयोजन के विरोध में जबरदस्त हंगामा कर दिया। हंगामे को देखते हुए समारोह का आयोजन ही स्थगित कर दिया। बाद में अधिकारियों ने कार्यक्रम को एक स्थानीय होटल में आयोजित करना चाहा लेकिन घटना से क्षुब्ध नगर आयुक्त ने कार्यक्रम में शिरकत करने से मना कर दिया। कर्मचारियों के इस विरोध प्रदर्शन को लेकर नगर निगम में अधिकारियों व कर्मचारियों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं हैं।
गौरतलब है कि नगर आयुक्त अबरार अहमद का बरेली से लखनऊ स्थानांतरण कर दिया गया है। नगर आयुक्त अहमद ने विधिवत कार्यभार भी अपर आयुक्त एके सिंह को सौंप दिया। कार्यभार सौंपने के बाद निगम अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। लेकिन निगम अधिकारियों के समक्ष उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के प्रांतीय महामंत्री राजकुमार समदर्शी की अगुवाई मेें कर्मचारियाें ने विदाई समारोह का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त के विरोध में नारे लगाते हुए मुख्य भवन तक पहुंच गए। अधिकारियों ने विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन बोर्ड बैठक सभागार व फिर अपर नगर आयुक्त कक्ष में करना चाहा लेकिन कर्मचारियों के विरोध व हंगामेे के चलते आयोजन को स्थगित करना पड़ा। अन्तत: नगर आयुक्त अबरार अहमद कार में बैठकर घर के लिए रवाना हो गए।
हालांकि बाद में नगर निगम अधिकारियाें ने एक स्थानीय होटल में विदाई समारोह आयोजित करना चाहा लेकिन कर्मचारियों के विरोध से क्षुब्ध नगर आयुक्त ने कार्यक्रम में शिरकत करने से इंकार कर दिया। जहां नगर आयुक्त के विरोध में लामबंद कर्मचारियाें ने अहमद की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर इस हंगामे को जायज ठहराया है ,वहीं नाम न छापने की शर्त पर नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा कुछ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कहना है कि एक अधिकारी जो स्थानांतरित होकर अन्यत्र जा रहा हो उसका इस तर्ज पर विरोध करना कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता है।