बरेली। रविवार को जंक्शन पर करीब पचास हजार अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट हैं। मुरादाबाद रेल मंडल की और से भी सतर्कता बरतने का निर्देश है।
सेना भर्ती 29 अगस्त तक चलेगी। रविवार 24 अगस्त को भिटौरा (फतेहगंज पश्चिमी) स्थित बीएसएफ कैंप में भर्ती प्रक्रिया होगी। उसी दिन यूपीएसई (लोक सेवा आयोग) की परीक्षा है। आम यात्रियों के अलावा करीब पचास हजार अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इससे बरेली जंक्शन पर शांति व्यवस्था कायम रखना एक चुनौती होगी। जीआरपी इंस्पेक्टर आरबी तिवारी के मुताबिक, रविवार को ट्रेनों में जाने वाले स्क्वायड को छोड़कर पूरे स्टाफ की ड्यूटी जंक्शन पर रहेगी। प्लेटफार्म, बुकिंग, मेन गेट और सर्कुलेटिंग एरिया सभी जगह जीआरपी और आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहेंगे। गोपनीय निगरानी को सादा कपड़ों में सिपाही भी रहेंगे। इसको लेकर शुक्रवार शाम जीआरपी और आरपीएफ इंस्पेक्टर ने साथ बैठकर रणनीति बनाई।