फरीदपुर। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में बाइक से पति के साथ मायके जा रही महिला को बाइक सवार लुटेरों ने लूट लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। वारदात ग्राम शिवपुरी और तराखास के बीच हुई।
बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव छटऊ निवासी रवींद्र अपनी पत्नी कमला देवी के साथ बाइक पर घर से ससुराल शाहपुर जा रहे थे। शाम करीब तीन बजे शिवपुरी से जैसे ही बाइक आगे निकली वैसे ही एक बाइक पर बैठे तीन लुटेरों ने रवींद्र के पीछे अपनी बाइक लगा दी। तराखास से पहले इन्होंने ओवरटेक करके रवींद्र की बाइक से चाभी निकाल ली। इससे रवींद्र की बंद होकर बाइक रुक गई। एक बदमाश ने कमला देवी के सीने पर तमंचा लगा दिया। फिर उन्होंने कमला के पहने हुए सारे जेवर और करीब तीन हजार रुपये लूट लिए। लुटेरे बाइक लेकर फरीदपुर की ओर भाग निकले। रवींद्र पैदल ही बाइक खींचकर तराखास तक लाए और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रवींद्र से एक तहरीर लिखवाकर रख ली है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। बता दें कि दो दिन पहले भी इसी जगह शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन निवासी दंपति से लूट की गई थी।