बरेली। बरेली कॉलेज में कम मेरिट के बावजूद फीस जमा करने वाले 115 अभ्यर्थियों में से 95 को तीसरी मेरिट सूची में जगह मिल गई है। परीक्षा नियंत्रक एके सिंह ने बताया कि अब 20 अभ्यर्थी बचे हैं। कॉलेज इन 20 अभ्यर्थियों की फीस वापस करेगा।
इन 20 अभ्यर्थियों ने बीए और बीकॉम में आवेदन किया था। सामान्य वर्ग से होने के कारण इन्हें कोई कोटा नहीं मिल सका। 115 अभ्यर्थियों में से अधिकांश अनुसूचित जाति की महिला श्रेणी से थीं। इन्हें तृतीय मेरिट में आने के कारण प्रवेश में समायोजित कर लिया गया है। बीते दिनों कम मेरिट के बावजूद फीस काटने को लेकर प्रवेश एजेंसी सियारा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध जांच के आदेश दिए गए थे। कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार की थी। इसी मामले में कॉलेज में संचालित दस साल पुराने इंटरनेट कैफे को हटा दिया गया है। उस कमरे को भी खाली करा दिया गया है।
संयोजन वाली सभी 480 सीटें भर चुकी हैं
बरेली कॉलेज में बायो समूह में जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री और डिफेंस स्टडीज के संयोजन वाली सभी 480 सीटें भर चुकी हैं। बायोटेक में 160 में से 20 सीटें भरी हैं, जबकि पर्यावरण विज्ञान में 80 में से 20 सीटें भरी हैं। बीएससी पीसीएम में 840 में से करीब 300 सीटें भरी हैं, लगभग 500 सीटें खाली हैं। बीकॉम की 1040 सीटों में से 400 सीटें बची हैं। प्रवेश नियंत्रक एके सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में काफी आवेदन हैं, जिनसे ये सीटें भरने की संभावना अधिक है।
प्रथम और द्वितीय मेरिट के प्रवेशार्थियों को एक और मौका
प्रथम और द्वितीय मेरिट के प्रवेशार्थियों को एक और मौका दिया गया। शुक्रवार को तीन ऐसे मामले सामने आए जिनकी फीस जमा होने के बावजूद ऑनलाइन रसीद नहीं मिली। एके सिंह ने बताया कि यह उन अभ्यर्थियों के साथ हुआ, जिनका भुगतान विफल हो गया था या जिन्हें ईमेल जांचना होगा। मुख्य प्रवेश नियंत्रक वंदना शर्मा ने बताया कि तीन साल से पुराने ईडब्ल्यूएस या ओबीसी प्रमाण पत्र मान्य नहीं हैं। इसलिए ऐसे अभ्यर्थी मेरिट में नहीं आ सके।