बरेली। मंडल की 12 निर्माणाधीन सड़कों के लिए राज्य सड़क निधि से 9.40 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसमें जिले की तीन सड़कों के लिए 2.70 करोड़ रुपये की धनराशि भी शामिल है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने गताया कि इससे काम में तेजी आएगी और परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकेगा।
बरेली जिले में गौसगंज से फतेहगंज दातागंज मार्ग पर 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फरीदपुर-बीसलपुर मार्ग से रसूला चौराहे तक, ककरा कला होते हुए रम्पुरा प्राचीन मार्ग के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। भुता ब्लॉक के सिमरा बहौर नगला मार्ग से कुआंडांडा अहरौला मार्ग के लिए 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। शाहजहांपुर, बदायूं व पीलीभीत जिलों की निर्माणाधीन सड़कों के लिए भी धनराशि जारी की गई है।