बरेली। मतदान को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। सभी जिलों की सीमाओं पर बनाए बैरियर पर अब चेकिंग के बाद ही वाहन गुजर सकेंगे।
लोकसभा चुनाव का मतदान 23 अप्रैल को होना है। इसके मद्देनजर उत्तराखंड सहित दूसरे जिलों की सीमा पर बनाए गए बैरियर सोमवार शाम से बैरियर सक्रिय हो जाएंगे। यह बैरियर पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और बदायूं सीमा पर बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बैरियर पर तैनात फोर्स को सोमवार शाम तक हर हाल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर जांच की हिदायत दी गई है। थाना प्रभारी के अलावा दो क्यूआरटी (क्विक रेस्पांस टीम) भी क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। थाना प्रभारियों को इनका रूट चार्ट बनाकर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस रूट में संवेदनशील मतदान केंद्रों को आवश्यक रूप से शामिल करने को कहा गया है।