‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ की धुन से झंकृत हुई नाथ नगरी
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। श्री कृष्ण के भजनों पर झूमते श्रद्धालु.. कीर्तन से झंकृत होता आनंद आश्रम और होठों पर भगवन्नाम का जप... यह नजारा रविवार को इस्कॉन मंदिर की ओर से आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान दिखा। जहां भक्ति में सराबोर श्रद्धालु भगवान के विशाल रथ को खींच रहे थे, वहीं मन-मस्तिष्क और जुबां पर सिर्फ ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ का जप था। यूक्रेन, अमेरिका और रूस से आए श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण और श्री राम का नाम जपा तो सारा पूरा शहर झंकृत हो उठा।
इस्कॉन मंदिर की ओर से रविवार को श्री जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा के शुभारंभ से पहले देश-विदेश से आए कृष्ण भक्तों ने आनंद आश्रम में भजन कीर्तन किया। दोपहर करीब दो बजे निकाली गई रथ यात्रा में श्री राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रथयात्रा पर जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई। वृंदावन, हरिद्वार, बनारस आदि से बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त और कलाकार पहुंचे थे। भगवान के रथ को आलौकिक रूप दिया गया था। जिसे कोई मोटर वाहन नहीं बल्कि स्वयं भक्तों ने रस्सी बांधकर खींचा। डेलापीर पर यात्रा का परंपरानुसार समापन हुआ।
क्रेन से लगा भगवान को छप्पन भोग
कोतवाली के सामने अद्भुत तरह से भगवान कृष्ण को छप्पन भोग लगाया गया। छप्पन भोग को अलग-अलग थालों में सजाकर उसे क्रेन के माध्यम से ऊपर ले जाया गया। इसके बाद प्रभु को समर्पित किया गया। यह अद्भुत दृश्य देखने के लिए सैकड़ों की तादाद में मौजूद भक्त समेत राहगीर उमड़ पड़े। सैकड़ों की संख्या में ऐसे कृष्ण भक्त भी आयोजन में मौजूद थे, जो लोगों को कृष्ण महिमा और उनकी भक्ति का वर्णन कर भक्ति मार्ग पर चलने को प्रेरित करते हुए आध्यात्मिक पुस्तकें दे रहे थे। जिधर से रथयात्रा गुजरी वहां कृष्ण नाम जप की ध्वनि से भक्त आनंदित दिखे। इस दौरान प्रमुख रूप में मेयर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, गिरधर गोपाल खंडेलवाल, पंकज अग्रवाल, अनुपम कपूर, अनिल अग्रवाल, संजीव अग्रवाल समेत उद्यमी और व्यापारी मौजूद थे।