नवाबगंज। नगर पालिका कर्मचारी चार महीने से वेतन न मिलने से एक-एक पैसे के लिए मोहताज है। उन्हें ईओ की तैनाती न होना कारण बता दिया जाता है लेकिन इसके बावजूद लाखों का अनाप-शनाप खर्च किया जा रहा है। भाजपा जिला संयोजक नीरेंद्र सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री को यह पत्र लिखा है जिसमें पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर पर लाखों का गबन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पालिका के खातों की छायाप्रति भी भेजी है, जिसमें ईओ की तैनाती के बिना खातों से लाखों रुपये निकाले जाने के प्रमाण हैं। नीरेंद्र ने आरोप लगाया है कि राज्य वित्त आयोग के खाते में 5 फरवरी 2019 को 5240554 रुपये विकास कार्यों के लिए आए थे। इसमें से 4731035 रुपये निकाल लिए गए। उधर शहला ताहिर ने कहा है कि चुनाव हारने की वजह से उनके खिलाफ झूठी शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने कोई गबन नहीं किया है।