बरेली। होली की छुट्टियां खत्म होते ही ट्रेनों में भीड़ उमड़ने लगी है। भीड़भाड़ से यात्रियों को चढ़ना-उतरना मुश्किल हो गया। सबसे अधिक भीड़ त्रिवेणी एक्सप्रेस में रही। अनुमान है कि शनिवार और रविवार से ट्रेनों में यह भीड़ और ज्यादा बढ़ जाएगी।
शुक्रवार से पूर्णागिरि मेला शुरू हो गया। इसके चलते टनकपुर जाने वाली बरेली दिल्ली एक्सप्रेस और त्रिवेणी एक्सप्रेस में भीड़ उमड़ने लगी है। शुक्रवार को सिंगरौली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस में हरदोई और शाहजहांपुर से श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। जंक्शन से बदायूं, कासगंज आदि शहरों के श्रद्धालु भी सवार हुए। सिटी और इज्जतनगर स्टेशन से भी बैठे। इससे ट्रेन के सभी कोच यात्रियों से ठसाठस भर गए। 26 फरवरी से त्रिवेणी एक्सप्रेस टनकपुर से चलने के बाद पहली बार जबरदस्त भीड़ चढ़ी है। यह देखकर इज्जतनगर मंडल के अधिकारी गद्गद हैं। इधर, शुक्रवार को होली की छुट्िटयां खत्म होने के बाद लोग काम पर भी लौटने लगे हैं। इसके चलते जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों में भीड़ रही। काफी यात्रियों के रिजर्वेशन होने के बावजूद स्लीपर कोच साधारण की तरह हो गए।