बरेली। एक्स स्टूडेंट से अवैध वसूली के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। ऐसा करने वाले कॉलेजों पर कार्रवाई की मांग की। परीक्षा नियंत्रक से काफी नोकझोंक भी हो गई। परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया कि ऐसे कॉलेजों पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद हंगामा शांत हुआ।
दरअसल, एक्स स्टूूडेंट से कॉलेज फीस नहीं ले सकते हैं। छात्र को सिर्फ विश्वविद्यालय की परीक्षा फीस जमा करनी होती है। प्राइवेट फॉर्म होने पर कॉलेज सिर्फ अग्रसारण शुल्क ले सकते हैं, लेकिन इस बार मनमानी करते हुए कॉलेज पूरे साल की फीस जमा करने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि इसके अलावा प्रैक्टिकल में मनमाने अंक दिलाने के नाम पर भी एक से दो हजार रुपये मांगे गए। कई छात्र विश्वविद्यालय में शिकायत दर्ज करा चुके हैं। सोमवार को एबीवीपी पदाधिकारी तमाम छात्राओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक का घेराव करने पहुंच गए। इनका आरोप था कि विश्वविद्यालय की जानकारी में आने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर परीक्षा नियंत्रक से नोकझोंक भी हो गई। मामले में कॉलेजों पर कार्रवाई न होने पर एबीवीपी ने आंदोलन की चेतावनी दी। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने कहा कि शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे कॉलेजों पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री राहुल चौहान, गौरव यादव, योगेश पंडित, मनोज यादव, कमल गुप्ता, अनिकेत शर्मा आदि मौजूद रहे।