सीबीगंज। नियमों को ताक पर रखकर जमीन की नापजोखकरने के मामले में कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीआईजी राजेश पांडेय भड़क गए। समाधान दिवस में उन्होंने लेखपाल और इंस्पेक्टर से कहा कि अगर काम करना है तो ढंग से करो। वरना सस्पेंड कर दिए जाओगे। क्या मर्डर ही करा कर रहोगे?
समाधान दिवस में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, कमिश्नर रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश पांडे एवं एसडीएम सदर एमपी सिंह थाना सीबीगंज पहुंचे। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनी। गांव मुर्शिदाबाद निवासी हरप्रसाद ने बताया कि रूपपुर में 29 बीघा खेती की जमीन है। इसमें पौने 19 बीघा उसकी है, जिसमें गेहूं की फ सल खड़ी है। 29 दिसंबर 2018 को हल्का लेखपाल धर्मपाल और कानूनगो चंद्रसेन ने विपक्षी आनंद पाल, प्रीतम लाल, प्रेमपाल, जयपाल आदि से साठगांठ कर उनके खेत में खड़ी गेहूं की फ सल में ही नापजोखकर दी। नौ जनवरी को विपक्षी जबरन उनकी जमीन पर कब्जाने पहुंच गए। जब उसने डायल 100 पर फोन किया तो पुलिस ने उसको ही गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। हरप्रसाद की शिकायत सुनते ही कमिश्नर भड़क गए। उन्होंने लेखपाल से कहा कि किसी दूसरे की जमीन में किस आदेश से नापजोख करने पहुंच गए? नौकरी करना है या सस्पेंड करा दूं। डीआईजी ने भी इंस्पेक्टर सीबीगंज और लेखपाल धर्मपाल से कहा क्या मर्डर करा कर ही रहोगे। उनके सवालों का लेखपाल जवाब नहीं दे सके। आला अधिकारियों के थाने पहुंचने के चलते दिनभर हलचल की स्थिति रही। उधर बेस्ट एंड कॉलोनी निवासी राकेश ने खाली पड़ी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके दीवार का निर्माण करा लिया था। इससे कबाड़ी डीके जैन के गोदाम का रास्ता बंद हो गया था। एसडीएम सदर के आदेश पर उसे ध्वस्त कर दिया गया।