बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के अंतर्जनपदीय ट्रांसफर को लेकर ठगों ने फर्जी विज्ञप्ति व्हाट्सऐप ग्रुपों में वायरल कर दी। इसको लेकर बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को लोग फोन करके जानकारियां मांगने लगे तो हड़कंप मच गया। इसके बाद बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव रूबी सिंह की ओर से विज्ञप्ति जारी कर इसे फर्जी करार दिया गया है।
बुधवार शाम से व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रदेश भर के जिलों में बेसिक शिक्षक एवं प्रधानाध्यापकों की रिक्तियों संबंधी विज्ञप्ति एवं एक खबर की कटिंग वायरल की गई। इसमें कहा गया कि बेसिक शिक्षा विभाग में अब अंतर्जनपदीय ट्रांसफर किए जाएंगे। ट्रांसफर की आस लगाए बैठे शिक्षकों ने फौरन ही इसके लिए जोड़तोड़ शुरू कर दी। अफसरों तक फोन पहुंचे तो बेसिक शिक्षा विभाग के मुख्यालय से इसकी पुष्टि की कोशिश की गई तो मामला फर्जी पाया गया। अफवाह को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव रूबी सिंह ने एसएसपी प्रयागराज को पत्र लिखकर भ्रामक सूचना फैलाने के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।