बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में इन दिनों स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इसमें शनिवार को 833 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए कॉपी जब्त कर ली गई।
346 केंद्रों पर हुई परीक्षा की पहली पाली सुबह 8.30 बजे से सुबह 10.30 बजे तक, दूसरी सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक व तीसरी दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चली। विवि से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली पाली में 13,539, दूसरी पाली में 10,618 व तीसरी पाली में 8,657 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें पहली पाली में 493, दूसरी में 226 व तीसरी में 114 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे। वहीं, एक विद्यार्थी नकल करते पकड़ा गया। बरेली कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के अनुसार शनिवार को तीसरे सेमेस्टर का छात्र वनस्पति विज्ञान विषय के पेपर में पर्ची से नकल करते पकड़ा गया। नकल सामग्री और उत्तरपुस्तिका को जब्त कर सूचना विश्वविद्यालय में भेजी गई है। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण विश्वविद्यालय में अवकाश रहा। उसके बाद भी काफी संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी समस्या लेकर प्रशासनिक भवन के गेट तक पहुंचे। जहां बंद होने की सूचना मिलने पर उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। संवाद