बरेली। लोकसभा चुनाव में मतदान और मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीएम ने मतदान खत्म होने से 48 घंटे पहले से शराब की दुकानों को बंद कराने का आदेश दिया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शहर और जिले की सीमाओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी तैयारी कर ली गई है।
जिले की सभी शराब और भांग की दुकानें 23 अप्रैल को मतदान समाप्त होने और फिर 23 मई को मतगणना से 48 घंटे पहले से बंद रहेंगी। जिला प्रशासन का यह आदेश देसी-अंग्रेजी शराब के साथ बियर की दुकानें पर भी लागू होगा। सोमवार को जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर अधिकारियों को पूरी कड़ाई से इसका अनुपालन कराने को कहा। आदेश के मुताबिक 21 अप्रैल को शाम पांच बजे से मतदान खत्म होने तक ये दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा मतगणना के समय 22 मई की रात 12 बजे से उसके होने तक भी जिले की सभी शराब और भांग की दुकानें बंद रहेेंगी। मतदान के दिन बाहरी और अराजक तत्वों पर निगरानी के लिए भी योजना बनाई गई है। शहर के श्यामगंज, कोतवाली, प्रेमनगर और चौकी चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के साथ ही शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर जिले के बार्डर पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। हाल में चुनाव प्रेक्षक ने बार्डर पर सीसीटीवी कैमरे न लगे होने पर निर्वाचन कंट्रोल रूम के स्टाफ को फटकार लगाते हुए असंतोष जाहिर किया था।