बरेली। करीब 32 लाख वोटरों के लिए फोटोयुक्त मतदाता पर्चियां छपकर आ गई हैं। इन्हें तीन दिन के अंदर मतदाताओं को उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि इन पर्चियों को मतदाता पहचान पत्र के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए इस बार वोटर गाइड भी बांटी जा रही हैं। प्रत्येक बूथ पर बीएलओ हेल्प डेस्क लगाएंगे। उनके पास वर्णमाला के क्रम में वोटर लिस्ट भी रहेगी।
आयोग ने मतदाता पर्चियों को पहचान पत्र के तौर पर इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन वोटर लिस्ट में क्रमांक आदि की जानकारी के लिए मतदाता पर्चियों को इस बार भी बंटवाया जा रहा है। प्रभारी निर्वाचन अधिकारी राजेश चंद्र ने बताया मतदाता पर्चियां बांटने के बाद बीएलओ को इसका रिकार्ड भी जमा करना होगा।
चुनावी तैयारियां देखने परसाखेड़ा पहुंचे अफसर
प्रशासन की टीम सोमवार को परसाखेड़ा एसएफसी गोदाम में पहुंची। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को चेक किया। अधिकारियों के निरीक्षण में खास तौर से ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस रहा। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार के साथ अधिकारियों ने यातायात प्लान पर चर्चा की। मतदान के बाद वाहन जाम में फंसे, इसके लिए रूट डायवर्जन को लेकर भी चर्चा की गई। अभी इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।