बरेली। वोटरों को पैसा देने का आरोप भी न लगे और वे वोट देने को भी मान जाएं, नेताओं ने इस चुनाव में इसका रास्ता भी तलाश लिया है। मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए शराब और नोट के बजाय इस बार मेंथा का तेल बांटा जा रहा है। मीरगंज इलाके के एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से की थी, जिसे जिला चुनाव कार्यालय रेफर कर दिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने शिकायत की जांच शुरू करा दी है।
चुनाव में कोई पार्टी या उसके प्रत्याशी और कार्यकर्ता मतदाताओं को कोई प्रलोभन न दे सके, निर्वाचन आयोग इस पर काफी सख्ती बरत रहा है। इसके चलते वोटरों को तोड़ने के लिए राजनीतिक दल हमेशा की तरह शराब या नोट देने की हिम्मत तो नहीं जुटा पा रहे हैं, लेकिन मीरगंज इलाके में मतदाताओं को मेंथा ऑयल बांटने की शिकायत मिली है। मेंथा ऑयल चूंकि नकदी फसल में आता है, इसलिए उसे कभी भी आसानी से अच्छे भाव पर बेचा जा सकता है। चुनाव आयोग में इसकी शिकायत पहुंचने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस की मदद से मेंथा ऑयल बांटने वाले लोगों की तलाश शुरू करा दी गई है।