फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सदस्य हुए खफा तो महीने भर टल गया दुकानों की नीलामी का प्रस्ताव

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। कैंट बोर्ड की बैठक में 89 दुकानों की नीलामी के प्रस्ताव पर निर्णय नहीं हो सका। दुकानदारों और सदस्यों की आपत्ति के बाद कैंट बोर्ड अध्यक्ष ने दुकानों की स्थापना से लेकर अब तक का रिकॉर्ड तलब किया है। साथ ही रिकॉर्ड देखने के बाद कैंट एक्ट नियमों के तहत प्रस्ताव पर निर्णय लेने के संकेत दिए। शनिवार को हुई बैठक में 14 प्रस्तावों पर क्रमवार चर्चा के बाद करीब 11 प्रस्तावों पर मुहर लगी। अन्य प्रस्तावों पर आगामी बोर्ड बैठक में निर्णय लेने की मंशा जताई गई।
विज्ञापन

बैठक की शुरुआत बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन प्रस्ताव से हुई। सदस्य अब्दुल हमीद ने कैंट बोर्ड में धड़ल्ले से हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत की। अध्यक्ष ने अवैध निर्माण रुकवाने और पूरे हो चुके निर्माण ध्वस्त करने का आदेश दिया। इसके बाद वित्त समिति, सिविल एरिया कमेटी और शिक्षा समिति की पिछली बैठकों में हुए निर्णय और मिनट्स पर चर्चा हुई। कनिष्ठ लिपिकों और डाटा इंट्री ऑपरेटर की तैनाती आउट सोर्सिंग से करने के लिए टेंडर आचार संहिता समाप्त होने के बाद खोलने का निर्णय लिया गया। नॉन कंवेंशनल ऊर्जा स्रोतों के तहत दो-दो सोलर स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लगाने का प्रस्ताव चर्चा के बाद पास हुआ। मिलिट्री कंजरवेंसी एग्रीमेंट 2018-19, 19-20 को जारी रखने का प्रस्ताव भी मंजूर हुआ। प्रशासनिक आधार पर नागरिक सुरक्षा हेड एफ-4 से सैन्य सुरक्षा हेड एफ-9 में 51 सफाई कर्मियों के स्थानांतरण पर चर्चा के बाद निर्णय लेने पर सहमति बनी। मरम्मत और अनुरक्षण कार्यों को नियमानुसार पास करने पर भी सहमति बनी।

लीगल एडवाइजर को नोटिस जारी
सदस्य अब्दुल हमीद की शिकायत पर कैंट के लीगल एडवाइजर को नोटिस जारी कर पेंडिंग मामलों पर जवाब-तलब करने का आदेश अध्यक्ष ने दिया। शिकायत थी कि लीगल एडवाइजर भुगतान न होने के चलते मामलों पर कोई एक्शन नहीं ले रहे हैं। इस पर अध्यक्ष ने लीगल एडवाइजर संबंधी जानकारी ली और नोटिस का जवाब न देने पर बर्खास्त करने का आदेश दिया। वहीं, लाल फाटक टोल पर वसूली को लेकर ठेकेदार के पत्र पर स्थलीय निरीक्षण और वाहनों के आवागमन का सर्वे कर वसूली दर प्रतिदिन के हिसाब से बढ़ाने के निर्णय पर मुहर लगाई है। सदस्य वेद प्रकाश तनेजा ने सर्वे के दौरान सदस्यों के मौजूद रहने की मांग की। अध्यक्ष ने सदस्यों के सहयोग से सर्वे करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


कैंट क्षेत्र में बनेंगे पार्किंग जोन
आय बढ़ाने के लिए कैंट बोर्ड ने सदर बाजार, बीआई बाजार और बदायूं रोड की तरफ पार्किंग जोन बनाने का निर्णय लिया है। सदर बाजार में सीजीएच चर्च की बाउंड्रीवाल की ओर ऑटो, ई-रिक्शा, निजी वाहन, युगवीणा के सामने, सुलभ शौचालय के पीछे धोपा मंदिर की ओर, कैंट गोदाम और मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के सामने निजी वाहन की पार्किंग होगी। बीआई बाजार में आवास संख्या 61, 62 के सामने, सीएफ शॉप संख्या 79 के पास निजी वाहन और शुलभ कॉम्पलेक्स के पास ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहन की पार्किंग होगी। बदायूं रोड पर सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज के सामने कॉमर्शियल, निजी वाहन आदि वाहनों की पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रस्ताव पास करने के साथ ही बोर्ड ने किराया दर और पार्किंग न करने पर प्रतिदिन प्रति वाहन दो सौ रुपये जुर्माना लगाने की सशर्त मंजूरी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें