बरेली। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने कहा कि 23 अप्रैल को मतदान दिवस है। मतदाता इसे त्योहार दिवस के रूप में लें और मतदान केंद्रों पर अपना वोट जरूर डालने जाएं। केवल अपना ही नहीं, बल्कि आसपास पड़ोस के लोगों को भी वोट डलवाने के लिए मतदान केंद्र तक लेकर जाएं। यह प्रत्येक मतदाता का देश के प्रति कर्त्तव्य है।
पुलिस लाइन सभागार में स्वीप अभियान के तहत एंटी करप्शन कमेटी ऑफ इंडिया और एसीसी की बरेली शाखा की ओर से मतदाता जागरूकता दिवस मनाया गया। मतदाता दिवस का प्रारंभ डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि 23 अप्रैल को मतदान दिवस है। पुलिस कर्मी चुनाव ड्यूटी पर होंगे। इसलिए वह अपना वोट डालने के लिए पोस्टर बैलेट का इस्तेमाल करें और मतदान दिवस के दिन पोस्टल बैलेट से वोट दे सकते हैं, लेकिन इस तरह का मतदान करने के लिए वही पुलिस कर्मी पात्र होंगे, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज होंगे। कार्यक्रम में बांसुरी वादन करके मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा ‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’ का नारा लगाया। कार्यक्रम में एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, एसपी ट्रैफिक, ने मतदान अवश्य करने और आदर्श आचार संहिता का पालन करने के लिए सुझाव दिए। डीआईजी और सीडीओ ने नाटक टीम को प्रशस्ति पत्र और मैडल देकर पुरस्कृत किया।