बरेली। सुभाषनगर से लापता पांच साल के बच्चे सचिन की बरामदगी को चार दिन से भूख हड़ताल कर रही उसकी मां पूनम कश्यप की हालत बिगड़ गई है। रविवार को वह दिन भर धरनास्थल पर लेटी रहीं, वहीं बच्चे के पिता डोरीलाल कश्यप के स्वास्थ्य में सुधार है। सहयोगी संगठनों के लोगों ने रविवार को कलक्ट्रेट जाकर लापता हो रहे बच्चों के हत्यारों का पुतला फूंका और एडीएम सिटी महेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि बच्चों का अपहरण और हत्याएं हो रही हैं पर पुलिस गौर नहीं कर रही।
भारतीय गरीब शक्ति दल के प्रमुख मनोज विकट और भारतीय सर्व समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाफिज फैजान रजा समेत कुसरो सेना के पदाधिकारियों ने सचिन को तलाश करने के साथ ही एडीएम से मांग की कि एक से 25 साल तक के लोगों के साथ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। इन पर अंकुश लगाने की जगह पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पुलिस के पास ऐसे मामलों का डाटा तक नहीं है। एडीएम ने भरोसा दिलाया कि सचिन की तलाश में पुलिस लगी है, उसे खोज लिया जाएगा।