बरेली। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने दो दिवसीय कृषक संगोष्ठी में किसानों को वर्मी कंपोस्ट के बारे में बताया। इसके साथ नापेड विधि से बनने वाली खाद से फल और सब्जियों की खेती के लाभ के बारे में भी अवगत कराया गया। किसानों के भ्रमण के लिए उपनिदेशक उद्यान मनोहर सिंह और जिला उद्यान अधिकारी पूजा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के बाद किसानों को बिथरी चैनपुर ब्लॉक के सारीपुर में प्रगतिशील किसान राजीव कुमार के फार्म पर ले जाया गया। यहां किसानों ने स्प्रिंकलर और ड्रिप तकनीकी से होने वाली सिंचाई के बारे में जानकारी हासिल की। किसानों को बताया गया कि खेत की जमीन अगर समतल नहीं है तो सिंचाई की काफी दिक्कत होती है, लेकिन ड्रिप से सिंचाई करने पर न केवल लागत कम आती है, बल्कि उत्पादन में भी बढ़ोतरी हो जाती है। इसके बाद मेगीनगला, ब्लॉक फरीदपुर में भी पॉली हाउस का भी किसानों ने मुआयना किया। किसानों ने उद्यान विभाग की राजकीय पौधशाला मझौआ हेमराम को भी देखा। वहां किसानों का मार्गदर्शन नर्सरी प्रभारी शंभू पासवान ने किया।