बैंक घोटालों के खिलाफ कांग्रेस ने किया धरना-प्रदर्शन
सभी मामलों की सीबीआई से जांच कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बैंक घोटालों के खिलाफ जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के निर्देश पर हुए आंदोलन के दौरान कांग्रेसियों ने विजय माल्या, सुशील मोदी, ललित मोदी, जय शाह, कोठारी बंधु और नीरव मोदी के काले कारनामों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री ओमकार सिंह ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, सरकार में बैठे लोग ही तरह तरह के घोटाले करके देश की जनता की कर्माई लूट रहे हैं और जनता की भावनाओं को भड़का कर अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने का असफल प्रयास कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय और महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। सरकार जनता से किए वादे भूलकर नित नई झूठी घोषणायें करके जनता को गुमराह कर रही है। बाद में कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी विचार विभाग की कचहरी रोड स्थित कैं प कार्यालय पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि भाजपा की केंद्र सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में देश के इतिहास के सबसे बड़े घोटाले हुए हैं। मोदी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। संचालन प्रभात गिरि गोस्वामी ने किया।
घोटाले पर पीएम खामोश
बरेली। जनशक्ति एकता पार्टी के मंडल संयोजक अंजुम बेग ने पीएनबी घोटाले को केंद्र सरकार की मिलीभगत का नतीजा बताते हुए कहा कि बच्चों के साथ दो घंटे तक बातचीत करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का घोटालों पर खामोश रहना आश्चर्यजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि घोटाले पर बोलने के लिए प्रधानमंत्री के पास शब्द ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि घोटालेबाजों को विदेश भगाने में केंद्र सरकार ने मदद की है। इसका हिसाब जनता 2019 के चुनाव में लेगी।