सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद टीईटी पास अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पाने के लिए सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में टीईटी अभ्यर्थी डीएम आवास पर गए और वहां अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद टीईटी अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन और सांसद धर्मेंद्र कश्यप को संजय नगर मीटिंग हाल में जाकर ज्ञापन दिया। दोनों ने उनकी बात सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
टीईटी संघर्ष मोर्चा के सौरभ जैन, यशपाल, आदर्श और विकास कुमार ने बताया कि बीएड और टीईटी उत्तीर्ण उन लोगों ने हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक की लड़ाई जीती है। अब सरकार उनकी नियुक्ति पर तुरंत निर्णय ले। अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के चुनाव पूर्व वादे को भी याद दिलाया। अभ्यर्थी केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार से भी मिले। कहा कि वह छह साल बाद भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने अभ्यर्थियों से समय देने को कहा ताकि सरकार इस मामले में कोई कदम उठा सके। ज्ञापन देने वालों में गौरव शर्मा, विमल अग्रवाल, नीरज सक्सेना, अनूप शाक्य, भजनलाल आदि शामिल थे।