बरेली। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में दिल्ली जा रहे विपक्ष के 80 नेताओं-कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही नजरबंद रखा। इस वजह से अधिकतर लोगों ने जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। कुछ कार्यकर्ता आम यात्रियों की तरह रवाना भी हो गए।
नेताओं की गतिविधियों से लेकर बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन तक एलआईयू की टीम सक्रिय रही। जिले में अलग-अलग जगह विपक्षी दलों के नेताओं के घर के बाहर पुलिस निगरानी करती रही। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एजाज अहमद, आंबेडकर वाहिनी के नेता सुरेंद्र सोनकर व ब्रजेश आजाद, एआईएमआईएम की पार्टी के आसिफ शेख आदि नेता नजरबंद किए गए। भाकियू चढ़ूनी गुट ने सीजेपी के प्रदर्शन को समर्थन का एलान किया था। इसके जिलाध्यक्ष को भी घर में ही निगरानी में लिया गया।
पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने बरेली में सीजेपी के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की। टीमों को बरेली कॉकरोच पार्टी जैसी कुछ सोशल मीडिया आईडी तो मिलीं, लेकिन स्थानीय स्तर पर सीजेपी का कोई सीधा नेटवर्क नहीं मिला। मिलते-जुलते नाम वाली आईडी पर पोस्ट और उन पर आ रहे लोगों के कमेंट पर नजर रखी जा रही है।
बीस जिलों से दिल्ली भेजी गईं 25-25 महिला आरक्षी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दिल्ली पुलिस के आग्रह पर बरेली समेत आसपास के 20 जिलों से 25-25 महिला पुलिसकर्मी रवाना की गई हैं।
वर्जन
जिले में सीजेपी का कोई पदाधिकारी या नेटवर्क नहीं है। विपक्षी दलों के कुछ लोगों ने दिल्ली जाने का आह्वान किया था। अधिकतर को पुलिस ने मना लिया। कुछ लोगों के घर के पास एहतियात के तौर पर पुलिस लगाई गई है। हालांकि, किसी को हिरासत में लेने या कार्रवाई करने की जरूरत नहीं पड़ी। - अनुराग आर्य, एसएसपी