बरेली। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो गई है। बरेली में कुल 4,002 सीटों में से 3,195 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। 807 सीटें खाली रह गईं, जिससे कुल दाखिला दर 80 फीसदी दर्ज की गई।
शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार तीनों चरणों की लॉटरी में 4,002 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें से 3,195 विद्यार्थियों ने स्कूलों में अपना प्रवेश सुनिश्चित किया। प्रक्रिया के शुरुआती दो चरणों में अभिभावकों और बच्चों में काफी उत्साह देखा गया था। प्रथम लॉटरी में 2,714 सीटों में से 2,178 बच्चों ने दाखिला लिया, जो 80 फीसदी रहा। द्वितीय लॉटरी में 757 सीटों में से 603 पर प्रवेश हुए, यह भी 80 फीसदी रहा। शिक्षा विभाग ने बताया कि कई अभिभावकों की रुचि न होने के कारण सीटें खाली रह गईं।
तीसरे चरण में दाखिला दर में कमी
लॉटरी प्रक्रिया के अंतिम यानी तीसरे चरण में दाखिला दर में कमी आई। इस चरण में 531 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें से 414 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया। तीसरे चरण का कुल प्रवेश प्रतिशत 78 फीसदी रहा। यह शुरुआती चरणों के 80 फीसदी से दो प्रतिशत कम है। संवाद