बरेली। पिछले 72 घंटों में आठ लोगों की मौत से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को सर्वाधिक संक्रमित शहर की पॉश कॉलोनियों के अलावा सरकारी दफ्तरों और आवासों में मिले हैं। इससे भी प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को फतेहगंज पश्चिमी दिल्ली हाईवे पर कोविड अस्पताल में चार संक्रमितों की मौत हो गई। मौत की वजह ऑक्सीजन स्तर का अचानक कम होना बताया गया है। इनमें महानगर में रहने वाले एक प्रतिष्ठित कारोबारी, बिशारतगंज की एक महिला, मढ़ीनाथ के एक व्यक्ति, बिहारीपुर कसगरान के एक बुजुर्ग और कुदेशिया फाटक के पास रहने वाले एक व्यक्ति शामिल हैं। ये सभी संक्रमित पिछले 48 घंटे में भर्ती हुए थे।
बुधवार की रिपोर्ट में एसडीएम कॉलोनी बहेड़ी, ऑफिसर्स कॉलोनी, जजेज कॉलोनी, एडीएम कंपाउंड, पुलिस लाइन में एक-एक, मानसिक अस्तपाल में तीन, जिला अस्पताल में एक, इफको टाउनशिप में करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के संक्रमित होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा रामपुर बाग, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, सुभाषनगर, नॉर्थ सिटी, ग्रीन पार्क, महानगर, सनसिटी, आशीष रॉयल पार्क, ग्रेटर ग्रीन पार्क, आवास विकास कॉलोनी, सिन्धुनगर, साई रेजीडेंसी, साउथ सिटी समेत अन्य पॉश कॉलोनियों में भी बड़ी तादाद में संक्रमित मिले हैं।