बरेली। क्षय रोग (टीबी) मुक्त ग्राम पंचायत का दावा करते हुए 75 ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने आवेदन किया है। इनके दावों के सत्यापन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। 20 फरवरी तक दावों का भौतिक सत्यापन और 24 मार्च को पात्र पंचायतों की घोषणा होगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन के मुताबिक, जिले में 1188 ग्राम पंचायतें हैं। बीते वर्ष शासन से जारी गाइडलाइन के अनुरूप पात्रता पूरी करने वाली 50 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। इसी क्रम में पिछले वर्ष दिसंबर तक 126 आवेदन मिले। इनमें से 75 ग्राम पंचायतें तीन बिंदुओं पर खरी मिली हैं। शेष बिंदुओं को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है। सत्यापन के लिए गठित तीन सदस्यीय टीम में एक-एक मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन प्रतिनिधि, पंचायती राज विभाग के सदस्य, टीबी विभाग के कर्मचारी हैं।
उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त पंचायत का दावा प्रस्तुत करने के लिए छह शर्तें निर्धारित हैं। इनमें पंचायत की उपचार सफलता दर 85 फीसदी, एक हजार आबादी पर 30 जांचें, न्यूनतम एक मरीज, मरीज को निक्षय पोषण योजना की प्रथम किस्त मिलनी अनिवार्य है। ब्यूरो