गोला गोकर्णनाथ(लखीमपुर खीरी)। अमर उजाला की मुहिम अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के तहत स्वर्गीय राजेंद्र गिरि मेमोरियल एकेडमी में बेटियों को अपराजिता बनाने में मां की भूमिका विषय पर कार्यशाला हुई। इसमें माताओं ने कहा कि वे अपनी बेटियों को अपराजिता बनाएंगी। बेटियों ने भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और निर्भीक बनने का संकल्प लिया। नारी सम्मान के लिए अतिथियों ने साझा संकल्प दिलाया और बेटियों को आत्म रक्षा के गुर भी सिखाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीओ अभिषेक प्रताप, विशिष्ट अतिथि सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य मधु त्रिपाठी ने मां सरस्वती का पूजन एवं दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं शमा परवीन, राप्ती गुप्ता, प्रतिभा सिंह, आयुष गुप्ता, रेनू आदि ने अतिथियों से सीधा संवाद किया और बेटियों को आत्म निर्भर, स्वावलंबी एवं अपराजिता बनाने में अपना पक्ष रखा। एकेडमी की छात्रा पंखुड़ी, समृद्धि, आन्या गुप्ता, अतीबा परवीन ने गीत और भाषण देकर अपना पक्ष रखा। मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाओं, बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। 1090 और 100 नंबर महिलाओं की सुरक्षा के लिए है। किसी भी समस्या को लेकर बेझिझक पुलिस को बताएं।