बरेली। सड़क पर कब्जा कर डेयरी चलाने और नालियों में गोबर बहाने वाले संचालक के खिलाफ नगर निगम सख्त हुआ तो पुलिस लापरवाह हो गई। दरअसल, नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. के आदेश पर उसके खिलाफ तहरीर दी गई, लेकिन बारादरी पुलिस ने इसे दबा दिया।
कालीबाड़ी में बट्टू लाला चौक के पास डेयरी संचालक बाबू सड़क पर कब्जा कर डेयरी संचालित कर रहा था। वह गोबर नाली में बहा रहा था। रविवार को सफाई नायक देवदास ने विरोध किया तो बाबू ने अभद्रता कर दी। मामले की जानकारी होने पर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने डेयरी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश दिए। निगम की टीम मौके पर पहुंची तो डेयरी संचालक ताला डालकर फरार हो गया। इसके बाद सफाई निरीक्षक दीपक कुमार की ओर से थाना बारादरी में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बाद मंगलवार को दीपक ने डाक में जाकर तहरीर रिसीव करा दी, मगर रिपोर्ट बुधवार को भी दर्ज नहीं की गई। एक दिन पहले तक तहरीर न मिलने की बात कहने वाले बारादरी इंस्पेक्टर कृष्णवीर ने बुधवार को बताया कि तहरीर तो रिसीव हो गई है, रिपोर्ट भी लिख दी जाएगी।
बारादरी पुलिस को सोमवार को ही तहरीर दे दी गई थी। अगर अब तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई है तो मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। - संजीव प्रधान, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी।