बरेली। पुलवामा हमले के शहीदों की शहादत का बदला लेने पर शहरवासियों ने खुशी का इजहार किया। शहर की विभिन्न समितियों और संगठनों ने कॉलोनियोें में आतिशबाजी कर मिठाई बांटी। हिंदू युवा वाहिनी के महानगर प्रभारी राजकुमार सक्सेना के नेतृत्व में शहीद जवानों की शहादत का बदला लिए जाने पर पटेल चौक पर आतिशबाजी और मिठाई बांटी।
उत्तर प्रदेश साहू, राठौर, मोदी एकता मंच ने प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार साहू के नेतृत्व में मिठाई बांटकर सेना के शौर्य को सलाम किया गया। सैदपुर हॉकिन्स में पार्षद दीपक सक्सेना के नेतृत्व में कमल ज्योति के तहत घर-घर दीप जलाकर खुशियां मनाई गई। समाजसेवी सरदार हरमीत सिंह उर्फ वीरू के नेतृत्व में गुरुद्वारा और धर्मकांटे के पास वाल्मीकि आश्रम महाकाली मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर मिठाई बांटी गई। एक्स सर्विसमेन वेलफेयर कोऑर्डिनेशन कमेटी ने कचहरी स्थित प्रशासनिक कार्यालय पर कार्यक्रम किया। जिलाध्यक्ष रामलाल के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने वायु सेना के शौर्य और सरकार के निर्णय को सराहा। सन सिटी विस्तार में आदर्श शर्मा के नेतृत्व में आतिशबाजी कर खुशी का इजहार हुआ। महानगर सर्राफा एसोसिएशन ने दुकानों पर दीप जलाकर सोमवार को वीर दिवस मनाया। इसके अलावा भारत कम्युनिस्ट पार्टी, अधिवक्ता परिषद उत्तर प्रदेश, युवा सिंधी समाज महानगर, युवा लोधी सभा समेत तमाम सामाजिक संस्था, संगठनोें ने कार्यक्रम आयोजित कर खुशी जाहिर की।
फूलों की होली खेली
बड़ा बाग हनुमान मंदिर पर अखिल भारतीय सुभाषवादी बौद्धिक मंच ने शहादत का बदला लेने पर दीपदान कर दीपावली और फूलों की होली खेली। जिलाध्यक्ष सौरभ जैन ने बताया कि भारत सरकार की योजना का लाभ पाने वालों के घर पहुंचकर कमल ज्योति अभियान के तहत कमल दीप जलाए गए। यहां मोहन भट्ट, नरेंद्र आर्य, राम प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।