चौपुला और लाल फाटक पुल- महज 30 फीसदी बना लाल फाटक ओवरब्रिज
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। लाल फाटक ओवरब्रिज का काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। दोनों क्रासिंग पर रेलवे के काम न शुरू करने और कैंट बोर्ड की जमीन पर एनओसी न मिलने से काम में बाधाएं आ रही हैं। पावर कारपोरेशन ने यहां से बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम भी शुरू नहीं किया है। ऐसे में इस पुल का अभी 30 फीसदी काम ही हो सका है। डीपीएम वीके सेन ने बताया कि सेतु निगम का काम चल रहा है, लेकिन रेलवे काम तेज करे तभी इसमें गति आएगी।
सेटेलाइट पुल निर्माण भी धीमा
सेटेलाइट फ्लाईओवर का काम भी शुरू नहीं हो पा रहा है। करीब 26 करोड़ से मंजूर इस पुल को लेकर सेतु निगम के अधिकारी कोई तेजी नहीं दिखा रहे है। अभी केवल कैंप दफ्तर ही बना है। पिछले माह इस पुल का डिजाइन पास हो चुका है लेकिन अभी काम चालू करने के लिए निर्माण सामग्री के टेंडर होने बाकी है। डीपीएम वीके सेन ने बताया कि सेटेलाइट पुल निर्माण का काम जल्द रफ्तार पकड़ेगा।
चौपुला पर भी काम शुरू नहीं
60 करोड़ की लागत से मंजूर चौपला ओवरब्रिज के काम में भी देरी हो रही है। यहां अब तक पिलर बनाने का काम भी शुरू नहीं हुआ है। सेतु निगम के अधिकारी ओवरब्रिज निर्माण का काम निजी कंपनी को देने की तैयारी कर रहे हैं। सीपीएम देवेन्द्र सिंह का कहना है कि चौपुला ओवरब्रिज का काम जल्द शुरू होना है। इसमें जल्द ही तेजी भी दिखेगी।