बरेली। कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले से शहीद हुए जवानों को लेकर गम और गुस्से का माहौल अब भी बरकरार है। शनिवार को भी शहर में तमाम जगह विरोध प्रदर्शन हुए आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ नारे गूंजे और पुतले फूंके गए। शाम को कैंडल मार्च निकालकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
आईएमसी ने नावल्टी चौराहा मजार पहलवान साहब से कैंडल मार्च निकाला। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने अय्यूब खां चौराहा पहुंचकर आतंकवाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के भी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका। मार्च का नेतृत्व करते हुए डॉ. नफीस खान ने सरकार से मांग की है कि आतंकवाद समर्थक देश को तुरंत सब सिखाया जाए। इस दौरान नदीम खान, मुनीर इदरीसी, अफजाल बेग, सलीम खान, इफ्तेखार कुरैशी, नोमान खान, इमरान खान आदि मौजूद रहे।
राबिया फाउंडेशन की ओर से फाइक इंक्लेव में मुस्लिम महिलाओं ने पुलवामा आतंकी हमले को लेकर प्रदर्शन किया। हज्जन राबिया अख्तर के नेतृत्व में माथे पर काली पट्टी बांधकर आतंकवाद के खिलाफ नारे लगाए और कैंडल जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसमें उंजिला, शगुफ्ता, नाजमा अजहर, वरीशा बेगम, तारा बी, नाजिया अख्तर, रूबी खान, यासमीन आदि महिलाएं शामिल रहीं। जनसेवा टीम की ओर से सिविल लाइंस में कैंडल रोशन कर आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसमें अध्यक्ष पम्मी खान वारसी, हनीफ खान, शाहिद नूरी, रिजावान मियां, सलीम, शुजात, मोहसिन इरशाद, नेहाल खान आदि शामिल रहे।