नोटिस के बाद भी मियाद खत्म हो चुके वाहनों का रजिस्ट्रेशन रिन्यूवल नहीं कराने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई करने का मन बना चुका है। आरटीओ ने 61,899 वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर उनके वाहनों का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड करने की चेतावनी दी है। 30 सितंबर तक वाहनों का रजिस्ट्रेशन रिन्यूवल न होने पर रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिया जाएगा। जिन वाहनों का टैक्स जमा नहीं हैं, उनसे मांग पत्र मांगा गया है। टैक्स जमा न करने पर 50 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा।
आरटीओ दफ्तर में कुल पंजीकृत वाहनों में से 61,699 ऐसे हैं, जिनके पंजीयन को 15 वर्ष का समय पूरा हो चुका है। एआरटीओ (प्रशासन) आरपी सिंह ने इन वाहनों के मालिकों को दोबारा पंजीयन कराने को कहा था। इसके बावजूद सिर्फ 1233 लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन का रिन्यूवल कराया। अभी 60,666 वाहनों के रजिस्ट्रेशन का रिन्यूवल होना बाकी है। इन्हें आखिरी मौका देते हुए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। एआरटीओ (प्रशासन) ने बताया कि रजिस्ट्रेशन सस्पेंड होने पर वाहन मालिक छह महीने के भीतर फीस जमा कर दोबारा पंजीयन करा सकते हैं।