ताजुश्शरीया मुफ्ती अख्तर रजा खां अजहरी मियां की आखिरी रस्मात में शामिल होने के लिए देश भर से ही तमाम लोग नहीं पहुंच रहे हैं बल्कि शनिवार दोपहर से विदेशों से भी उनके अकीदतमंदों के बरेली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देर रात तक कई देशों के सैकड़ों अकीदतमंद बरेली पहुंच चुके थे। इसके अलावा देश-विदेश की तमाम हस्तियों के ताजियती पैगाम आने का सिलसिला भी पूरे दिन जारी रहा। कई दूसरे सिलसिलों के धर्मगुरुओं ने भी अजहरी मियां के विसाल पर ताजियती पैगाम भेजे हैं।
दूसरे मुल्कों से शनिवार को बरेली पहुंचे प्रमुख लोगों में साउथ अफ्रीका से मुफ्ती आफताब कासिम, अमेरिका से मौलाना खालिद, सऊदी अरब से हजरत फरहान रजा कादरी, ओमान से मौलाना सलमान फरीदी, मॉरिशस से हाफिज इस्लाम अजहरी, कोलंबो से मौलाना गुलाम मुस्तफा , हाजी बाबू, बांग्लादेश से हाजी अमीन, दुबई से शारिक अजहरी, सैफ अजहरी, शाहनवाज अजहरी समेत तमाम उलमा शामिल थे। आल इंडिया जमात रजा ए मुस्तफा के मीडिया प्रभारी मुईन खां ने बताया रविवार को अजहरी मियां के आखिरी सफर में शामिल होने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंचे हैं। दरगाह आला हजरत के पूर्व मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि अजहरी मियां के विसाल पर मुफ्ती ए आजम पाकिस्तान के मुफ्ती मुनीब उर रहमान, मिस्र की अल अजहर यूनिवर्सिटी के चेयरमैन मुफ्ती ओसामा महमूद अजहरी, मशहूर शायर उवैस कादरी ने भी खिराजे अकीदत पेश की हैं।
--------------
तुर्की के राष्ट्रपति ने भी भेजी खिराजे अकीदत
अजहरी मियां के विसाल पर तुर्की के राष्ट्रपति रजत तैयब इरदुगान ने भी खिराजे अकीदत पेश की है। उन्होंने अपनी अकीदत का नजराना न सिर्फ एक पत्र के जरिये अजहरी मियां के बेटे शहर काजी असजद रजा खां को भेजा है बल्कि एक ऑडियो भी भेजा है जिसमें अपनी आवाज में अजहरी मियां के लिए खिराजे अकीदत पेश की है। उन्होंने इसमें कहा है कि अल्लाह ताजुश्शरीया पर रहमत और दर्जा बुलंद फरमाए। उनके घरवालों और अकीदतमंदों को सब्र अता फरमाए।
---------------
सियासतदानों ने भी पेश की खिराजे अकीदत
अखिलेश यादव ने अजहरी मियां के दामाद से
की फोन पर बात, संतोष गंगवार पहुंचे दरगाह
ताजुशशरिया के विसाल के बाद शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की हिदायत पर पूर्व मंत्री रियाज अहमद बरेली पहुंचे जिन्होंने दामाद ए शहजादा ताजुश्शरिया सलमान हसन कादरी और आला हजरत ट्रस्ट के मोहतिशिम रज़ा खान से मुलाकात कर उनकी अखिलेश यादव से फोन पर बात कराई। अखिलेश ने सलमान हसन कादरी से कहा कि ताजुश्शरिया का निधन ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नामुमकिन है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी सलमान हसन कादरी से फोन पर बात कर सांत्वना दी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू, शिवपाल सिंह यादव आदि ने भी खिराजे अकीदत पेश की है।