आधुनिक सुविधाओं से युक्त हमसफर सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस बरेली जंक्शन पर गुरुवार को सुबह 3:05 बजे पहुंची, पांच मिनट रुकी और फिर गंतव्य के लिए रवाना हो गई, लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि जंक्शन के स्टेशन मास्टर ऑफिस और इंक्वायरी स्टाफ को ट्रेन आने-जाने के बारे में पता ही नहीं चला। रेलवे के आला अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही माना है।
जम्मूतवी से सियालदाह के लिए हमसफर एक्सप्रेस की शुरूआत जम्मूतवी से तीन जुलाई को की गई थी। इस विशेष उद्घाटन ट्रेन (02318) को बरेली से होकर बुधवार रात में 01:30 बजे गुजरना था, लेकिन ट्रेन लेट हो गई। यात्रियों ने जब इस विशेष ट्रेेन के बारे में स्टेशन मास्टर ऑफिस और इंक्वायरी पर पता किया तो उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई गई। कुछ जागरूक रेल यात्रियों की शिकायत थी कि हमसफर ट्रेन फिरोजपुर डिवीजन, अंबाला कैंट डिवीजन को क्रास करते हुए मुरादाबाद डिवीजन में पहुंची, लेकिन कंट्रोल के पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। लगभग डेढ़ घंटे की देरी से विशेष ट्रेन बरेली 03:05 बजे पहुंची और पांच मिनट ठहराव लेने के बाद लखनऊ को रवाना हो गई। चूंकि ट्रेन का ज्यादा प्रचार-प्रसार नहीं हुआ था इसलिए ज्यादा भीड़ नहीं थी, लेकिन फिर भी जंक्शन से लखनऊ, वाराणसी जाने वाले कई यात्री इसमें सवार हुए। अब रेग्युलर साप्ताहिक ट्रेन के रूप में सियालदाह से जम्मूतवी के लिए (22317) नौ जुलाई को 13:10 बजे चलकर 10 जुलाई को 9:55 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन की वापसी जम्मूतवी से सियालदाह (22318) के लिए 11 जुलाई को 07:25 बजे होगी। यह ट्रेन बरेली उसी दिन 19:40 बजे पहुंचेगी।