यूपीटीईटी की परीक्षा में इस बार जिले के सभी शिक्षामित्राें के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते एक दिन के लिए प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था चरमराएगी। सभी शिक्षामित्र परीक्षा देने के लिए जाएंगे। हालांकि इस संबंध में व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
दो फरवरी को यूपीटीईटी की परीक्षा है। इसमें प्रदेश भर से एक लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हाेंगे। जिले में तैनात 32 सौ से अधिक शिक्षामित्र भी इस परीक्षा में अपनी दावेदारी करेंगे। वहीं दूसरी ओर शिक्षामित्रों के परीक्षा में शामिल होने से जिले के 70 फीसदी से अधिक विद्यालयों में पढ़ाई व्यवस्था गड़बड़ाएगी। शहर के ही दस के अधिक स्कूलों में शिक्षामित्र इकलौते शिक्षक हैं। जिले में दो सौ से अधिक स्कूलों में शिक्षामित्रों के पास जिम्मेदारी है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद शिक्षामित्र इस परीक्षा को चुनौती के रूप में भी देख रहे हैं। शिक्षामित्र कल्याण संघ के संरक्षक दुष्यंत चौहान का कहना है कि अगर अधिक से अधिक शिक्षामित्र परीक्षा पास होते हैं तो विकल्प के अन्य रास्ते भी खुले रहेंगे।