फतेहगंज पूर्वी। हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग के बीच दोपहर शुक्रवार को 12 बजे भूसी लदा ट्रक ब्रेक जाम होने कारण फंस गया। बीचोबीच ट्रक खड़ा हो जाने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइनें लगना शुरू हो गईं। छोटे वाहनों के आगे निकलने की होड़ में स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
क्रॉसिंग पर तैनात कर्मियों ने ट्रक चालकों की मदद से ट्रक को किसी तरह रस्सों से खींचकर क्रॉसिंग के पार निकाला। हालांकि ट्रक सड़क पर खड़ा रहने की वजह से दो घंटे तक राहगीर जाम से जूझते रहे। इसके बाद ट्रक की खराबी को दूर करके चालक उसे शाहजहांपुर की ओर ले गया, लेकिन हालात सामान्य नहीं हो सके। रोडवेज बस और छोटे वाहनों के जैतीपुर रोड की ओर से निकलना शुरू किया तो वहां भी जाम लग गया। बाद में जीआरपी ने वाहनों को एक-एक करके निकालना शुरू किया। इसके बाद भी छह बजे तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।