बरेली। मुरादाबाद मंडल की तर्ज पर इज्जतनगर मंडल की ट्रेनों में भी दिन में स्लीपर कोच में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। इस संबंध में मंडल की सीनियर डीसीएम गोरखपुर हेड क्वार्टर को प्रस्ताव भेजा है। होली से स्लीपर कोच का टिकट मिलने की संभावना हैं।
टनकपुर से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस में बरेली से लखनऊ तक स्लीपर कोच के टिकट मिलने की सुविधा है। यह सुविधा केवल ट्रेन के तीन कोचों में हैं। इन ट्रेनों में आरक्षण लखनऊ से सिंगरौली तक होता है, लेकिन वापसी में जंक्शन से टनकपुर तक स्लीपर कोच के टिकट मिलने की सुविधा नहीं है, जिससे जंक्शन से पीलीभीत और टनकपुर तक स्लीपर कोच खाली जाते हैं या फिर लोग किसी तरह से स्लीपर कोच में बैठ जाते हैं, लेकिन इससे रेलवे को कोई आमदनी नहीं होती। अब इज्जतनगर मंडल की सीनियर डीसीएम ने मंडल की सभी ट्रेनों में दिन में स्लीपर कोच के टिकट मिलने के लिए गोरखपुर मुख्यालय में प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि स्लीपर का टिकट मिलने से रेलवे की आमदनी बढ़ेगी और यात्रियों को भी साधारण कोच की भीड़भाड़ से छुटकारा मिलेगा। गौरतलब है कि मंडल में काठगोदाम, रामनगर, टनकपुर, फर्रुखाबाद, कासगंज स्टेशन से काफी ट्रेनें हैं जिनमें स्लीपर का टिकट मिलने से यात्रियों को सुविधा होगी।
आज त्रिवेणी एक्सप्रेस में चलेगा महिला स्टाफ
महिला सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर सिंगरौली से टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस में बरेली जंक्शन से टनकपुर तक महिला स्टाफ चलेगा। इनमें चेकिंग स्टॉफ, सिक्योरिटी और ड्राइवर शामिल होंगी। महिला स्टाफ केवल शुक्रवार को ही चलेगा। जंक्शन पर भी बुकिंग आफिस, इंक्वायरी, पार्सल, चेकिंग भी महिला कर्मचारियों के हवाले होगा।