पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में रहने वाले एक्सईएन की नई बोलेरो गाड़ी रात में चोर उनके बंगले से उड़ा ले गए। सुबह तहसील दिवस में जाने के लिए एक्सईएन ने गाड़ी मंगाई तो ड्राइवर गैराज में न देखकर भौचक रह गया। यह गाड़ी ड्राइवर ने ही लोन लेकर खरीदी थी। इस बड़े नुकसान को देख कर वह रोने लगा। बाद में एक्सईएन ने पुलिस अफसरों को फोन कर सारे बार्डर पर अलर्ट जारी करा दिया लेकिन तीन दिन बाद भी कोई पकड़ में नहीं आया है। गाड़ी चोरी हो जाने से एक्सईएन के बंगले की सुरक्षा भी जार-जार हो गई है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के एक्सईएन राजबीर सिंह को इनकम टैक्स दफ्तर के सामने पीडब्ल्यूडी कॉलोन में 108/32 सरकारी बंगला मिला है। हाल में उन्होंने अमृता शिवपुरी फरीदपुर निवासी रवींद्र की नई बोलेरो गाड़ी को सरकारी कामकाज के लिए किराए पर ले रखा था। रवींद्र खुद ही गाड़ी चलाते हैं। सोमवार रात बंगले पर बोलेरो के साथ ही तीन और कारें भी खड़ी थीं। मंगलवार को तहसील दिवस में जाने के लिए एक्सईएन ने ड्राइवर रवींद्र को बुलाया तो वह अपनी गाड़ी गायब देखकर रोने लगा। बाद में एक्सईएन ने मुरादाबाद से लेकर नेपाल बार्डर तक पुलिस अधिकारियों से बातचीत करके अलर्ट भी करा दिया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बातचीत भी की, लेकिन तीन दिन बाद भी कोई कार का कोई सुराग नहीं लग सका है। एक्सईएन के आवास से गाड़ी गायब होने से सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।