शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की सूची जारी कर आपत्तियां मांगी गईं थीं। जिन पर 61 आपत्तियां प्राप्त हुईं हैं। इसमें परीक्षा केंद्र निर्धारण में मानकों का ख्याल न रखने का आरोप लगाया गया है।
वर्ष 2022 की उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए पिछले महीने केंद्रों की जियो टैगिंग स्कूलों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से कराई गई थी। उसमें उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर 133 केंद्रों की सूची जारी कर दी गई। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण होने के बाद उस पर 13 जनवरी तक आपत्ति मांगी गईं थीं। इसके बाद जिलेभर से 61 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।
इनमें चार तरह की आपत्तियां प्राप्त हुईं हैं, जैसे परीक्षा केंद्र को निर्धारित मानक से दूर बनाया जाना, छात्रों की संख्या अधिक रखना, परीक्षा केंद्र बनवाना और हटवाना शामिल हैं। डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बताया कि जिन परीक्षा केंद्रों के बोर्ड द्वारा ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाने में आपत्ति दाखिल की गई है, ऐसे सभी परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उसकी रिपोर्ट जिला परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में रखी जाएगी। जोकि आपत्तियों का डेटा बोर्ड को भेजेगी। इसके बाद बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर सकती है।