बरेली। इज्जतनगर मंडल के रेल प्रशासन ने बुुजुर्ग यात्री को पीटने के आरोप में टीटीई महेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी पूरी हो गई है। सूत्रों का कहना है कि टीटीई के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई होगी।
रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद टीटीई पर लगे आरोपों की जांच कामर्शियल विभाग के एसीएम को सौंपी थी। चार दिन बाद एसीएम ने अपनी रिपोर्ट सीनियर डीसीएम नीतू को भेज दी। अब महेंद्र सिंह पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। हालांकि उन्हें घटना वाले दिन ही सस्पेंड कर दिया गया था। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को बदायूं स्टेशन पर तैनात टीटीई महेंद्र सिंह ने बुजुर्ग यात्री से धूम्रपान करने पर दो सौ रुपये जुर्माना मांगा था, लेकिन यात्री ने रुपये देने से मना कर दिया था। आरोप है कि महेंद्र सिंह यात्री का कालर पकड़ते हुए टीसी आफिस ले गए। एक यात्री ने इस घटना का वीडियो बनाकर इज्जतनगर मंडल के डीआरएम डीके सिंह को भेज दिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से महेंद्र को सस्पेंड का आदेश दिया और कामर्शियल विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रेल जानकारों का कहना है कि महेंद्र सिंह पहले भी कई बार दबंगई कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच पूरी हो गई है। अब जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट को सीनियर डीसीएम नीतू को सौंपी गई है।