बरेली/ नवाबगंज। पोलिंग स्टेशन बनाए गए मौलाना आजाद इंटर कालेज में दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप का निर्माण सही ढंग से नहीं कराया गया था। कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने निरीक्षण के दौरान रैंप के निर्माण पर असंतोष जाहिर करते हुए सही कराने के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए दो और मतदान केंद्रों पर भी मतदाताओं के लिए व्यवस्थाओं को चेक किया।
कमिश्नर ने सीडीओ सत्येंद्र कुमार के साथ मौलाना आजाद इंटर कालेज में निरीक्षण में पाया कि दिव्यांगों के लिए बनाए जा रहे रैंप की ढाल सही नहीं है। इससे व्हील चेयर को चढ़ाने में काफी दिक्कत होगी। कमिश्नर ने रैंप को तत्काल दुरुस्त कराए जाने को कहा। इसके अलावा उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के बैठने आदि की व्यवस्थाओं को भी चेक किया। इसके बाद वह भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र प्राथमिक स्कूल अभयपुर केशवपुर में पहुंचकर भी दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगों को उनके घर से लाने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा एक दिव्यांग मित्र की भी तैनाती होनी चाहिए। अगर किसी मतदान केंद्र पर पेड़ की छांव नहीं है तो वहां भी बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए टेंट के इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को लाइन में न खड़ा किया जाए। कमिश्नर ने यहां कार्यक्रम के जरिए लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र मझौव्वा गंगापुर में भी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।