बरेली। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक को गलत बताए जाने के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए सन् 1984 में दो सिखों के इंदिरा गांधी की हत्या करने के बाद 10 हजार निर्दोष सिखों को क्यों मौत के घाट उतार दिया गया था।
सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में दुष्यंत गौतम ने कहा कि सैम पित्रोदा के बयान के बाद देश की जनता समझ नहीं पा रही है कि वह भारत के नागरिक हैं या पाकिस्तान के। सैम पित्रोदा ही नहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मायावती, अखिलेश, पीडीपी और नेशनल कान्फ्रेंस के नेताओं समेत पूरा विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। इन लोगों ने देश की आत्मा को कुचलकर रख दिया है। इन्हें राष्ट्रहित या जनता के हित से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के रोजगार न दिलाने और 15 लाख रुपये खातों में न डालने के आरोप लगा रहा है। केंद्र सरकार ने गरीबों को 15 लाख नगद नहीं दिए तो क्या, उन्हें आयुष्मान में इलाज के लिए पांच लाख, आवास के लिए 2.5 लाख, किसान सम्मान, मुफ्त गैस सिलेंडर और बिजली कनेक्शन दिया है। इस तरह किसी न किसी रूप में 15 लाख दे दिया है।