बरेली। सड़क निर्माण में मनमानी का आरोप लगाते हुए चक महमूद की महिलाओं ने शुक्रवार को नगर निगम में हंगामा किया। वहीं राजेंद्रनगर में एसएसडी प्लाजा के पीछे बन रही सड़क में धांधली के आरोप लगाते हुए शिकायत की गई। इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
नगर निगम पहुंची महिलाओं ने हंगामा करते हुए कहा कि चक महमूद में हकीम जी और असमद का मकान अंत में है। ऐसे में सड़क का निर्माण वहां तक होना चाहिए, लेकिन मिलीभगत के चलते कुछ हिस्सा छोड़ा जा रहा है, इससे वहां जलभराव के हालात बनेगें। महिलाओं ने कहा कि पहले छूटा हिस्सा बनाया जाए फिर आगे का काम हो। एक्सईएन संजय चौहान ने उन्हें समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा संत सच्चा रामदास साहिब एसोसिएशन के बैनर तले सुनील खत्री एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह एवं एक्सईएन संजीव प्रधान से मुलाकात की। उन्होंने राजेंद्रनगर में एसएसडी प्लाजा के पीछे बन रही सड़क में धांधली के आरोप लगाते हुए शिकायत की। कहा कि ठेकेदार ने सड़क पर गिट्टी की जगह मलबा डाल दिया है। इस पर एक्सईएन ने जांच के आदेश दिए हैं।