फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुटाई ‘पब्लिक’ बोली- सब बढ़िया.. भागती आई भीड़ चिल्लाई- सब गड़बड़

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर से सटे गांव रजऊ परसपुर में प्रमुख सचिव संजय भूसरेड्डी की जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक घेरेबंदी के चलते तमाम फरियादी उन तक अपनी परेशानी ही नहीं पहुंचा सके। इन फरियादियों को उनके पास पहुंचने से रोक दिया गया था, लेकिन जनसुनवाई के बाद जब प्रमुख सचिव लौट रहे थे तभी मौका पाकर कई महिलाओं ने उनकी गाड़ी रोक ली और उनके सामने पेंशन, शौचालय व आवास का पैसा न दिए जाने समेत तमाम शिकायतों की झड़ी लगा दी।
विज्ञापन

जिले के नोडल प्रमुख सचिव संजय भूसरेड्डी ने डीएम वीरेंद्र कुमार, सीडीओ सत्येंद्र कुमार सहित कई अन्य अधिकारियों के साथ जन सुनवाई की। प्रमुख सचिव का दौरा शांति से निपट जाए, इसके लिए सरकारी मशीनरी कई दिन पहले से सक्रिय थी, इसलिए रजऊ परसपुर के जिस सरकारी स्कूल में ये कार्यक्रम होना था वहां सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली गईं थीं। यहां कई फरियादी खासकर बुजुर्ग महिलाएं पेंशन और आवास समेत कई सरकारी सुविधाएं न मिलने पर शिकायत करने को मौजूद थीं, लेकिन उन्हें प्रमुख सचिव के सामने जाने का मौका ही नहीं दिया गया। एक घंटे जनसुनवाई के बाद जैसे ही प्रमुख सचिव जाने लगे तभी ये महिलाएं वहां आ गईं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि कोटेदार राशन नहीं देता है। अगर कभी-कभार मिल भी जाए तो उसकी मात्रा पूरी नहीं होती। इसके अलावा कई बुजुर्ग महिलाओं ने विधवा व वृद्घावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत की। प्रमुख सचिव, एडीओ व बीडीओ को इन फरियादियों की शिकायत निस्तारित करने की बात कहते हुए चले गए। इस मौके पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ सत्येंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हैंडपंप खराब, शौचालयों पर भी सिर्फ ड्रामा
प्रमुख सचिव ने ग्राम रजऊ के प्राथमिक विद्यालय और ग्राम पितमपुर में विकास कार्य न होने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि सर्फाई कर्मी आता नहीं है। चार हैंडपंप खराब होने से क्षेत्र में पानी की दिक्कत बनी रहती है। उन्होंने डीपीआरओ विनय कुमार सिंह को सभी शौचालय लाभार्थियों को आर्थिक मदद दिलाने के आदेश दिए। प्रमुख सचिव को आयुष्मान योजना के लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें इस स्कीम के बारे में जानकारी नहीं तो उन्होंने एएनएम को वहां तलब कर लिया। ग्रामीणों ने जिला कृषि अधिकारी के सामने शिकायत की कि सोसाइटी में कोई रहता नहीं। इसलिए उन्हें निजी दुकानों से खाद खरीदनी पड़ रही है। इस दौरान उन्होंने मॉडल शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र का भी उद्घाटन किया।
विज्ञापन


तमाम घरों में अब तक बिजली नहीं
रजऊ परसपुर में दर्जनों घरों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं पहुंचे हैं। प्रमुख सचिव के दौरे को लेकर प्रशासन ने यहां आनन-फानन में सौभाग्य योजना के तहत कैंप लगाकर तमाम ग्रामीणों को मुफ्त में कनेक्शन देने की व्यवस्था भी वहीं की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बिजली के तार खींचे गए हैं।

लोगों से बातचीत-
शशि पत्नी रामदुलारे ने कहा कि पति को गुजरे कई साल हो गए, लेकिन अब तक न तो विधवा पेंशन मिल रही हैं और न ही गरीबों को मिलने वाली किसी दूसरी योजना का ही लाभ मिल पा रहा है।

राजकुमारी पत्नी शंकरलाल ने बताया कि उनके पति मेहनत मजदूरी करते हैं। राशन कार्ड बना है, लेकिन उसे कोटे से पूरा राशन ही नहीं मिलता। शौचालय और आवास बनाने का पैसा भी नहीं मिल रहा है।

कुसुम पत्नी नरेश ने कहा कि अधिकारियों के पास कई चक्कर काट चुकी हैं। तीन साल गुजर गए, लेकिन उनका अब तक राशन कार्ड ही नहीं बना है। घर में खेती भी नहीं है। महंगा राशन खरीद सके, इतनी आमदनी नहीं होती।

दिव्यांग प्रमोद पुत्र रामप्रसाद के दोनों पैर खराब हैं। किसी तरह घसीटते हुए सितारगंज गांव से रजऊ परसपुर पहुंचा। उसने बताया कि परिवार में चार लोग हैं, लेकिन अब तक उन्हें सरकारी आवास नहीं मिला है। शिकायत करो तो कोई सुनता नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें